रायगढ़ में भव्य आयोजन की तैयारी शुरू, अलग-अलग विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
रायगढ़, 7 अगस्त 2026। कला, संस्कृति और संगीत की समृद्ध परंपरा को समर्पित 41वां चक्रधर समारोह-2026 इस वर्ष रायगढ़ के स्थानीय रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह का आयोजन 14 से 23 सितंबर 2026 तक होगा। आयोजन को भव्य, व्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं चक्रधर समारोह आयोजन समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कलेक्टर एवं चक्रधर समारोह आयोजन समिति के अध्यक्ष मयंक चतुर्वेदी द्वारा जारी आदेश के अनुसार समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विभागवार जिम्मेदारियां और समन्वयक अधिकारी तय किए गए हैं।

मंच से लेकर सुरक्षा तक पुख्ता रहेगी व्यवस्था
समारोह में देश और प्रदेश से आने वाले कलाकारों, अतिथियों और कला प्रेमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मंच, टेंट-पंडाल, बिजली, साउंड सिस्टम, ग्रीन रूम, स्वच्छता, पेयजल, भोजन, आवास, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा, प्रचार-प्रसार और स्वागत समेत तमाम व्यवस्थाओं की कार्ययोजना तैयार की गई है।
जिला प्रशासन के साथ लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, नगर निगम रायगढ़, पुलिस, रेलवे, स्वास्थ्य, खाद्य, उद्यान, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा जनसंपर्क विभाग सहित कई विभागों को उनकी भूमिका के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आकर्षक बनाया जाएगा रामलीला मैदान
रामलीला मैदान में टेंट-पंडाल की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग करेगा, जबकि मंच व्यवस्था की जिम्मेदारी राजस्व विभाग को दी गई है। नगर निगम द्वारा आयोजन स्थल की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
समारोह स्थल पर महाराजा स्वर्गीय चक्रधर सिंह का पोट्रेट भी स्थापित किया जाएगा। उद्यान विभाग द्वारा करीब 100 शोभादार पौधों से परिसर को सजाया जाएगा। आमंत्रित अतिथियों और कलाकारों के लिए प्रतिदिन फूलमाला एवं गुलदस्ते की व्यवस्था भी की जाएगी।
रेलवे स्टेशन पर बनेगा विशेष स्वागत काउंटर
बाहर से आने वाले कलाकारों और अतिथियों के स्वागत के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर विशेष स्वागत काउंटर बनाया जाएगा। ट्रेनों के आगमन के दौरान समारोह और अतिथि कलाकारों के स्वागत से संबंधित उद्घोषणा भी की जाएगी।

रेलवे स्टेशन पर वीआईपी प्रतीक्षालय और कलाकारों के स्वागत के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था की जाएगी। वहीं अतिथियों और कलाकारों के ठहरने के लिए होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में कमरों का आरक्षण किया जाएगा।
कलाकारों के भोजन और जलपान की भी व्यवस्था
कलाकारों के आवास स्थल पर भोजन तथा स्थानीय कलाकारों और कार्यकर्ताओं के लिए कार्यक्रम स्थल पर भोजन की व्यवस्था की जाएगी। खाद्य विभाग सहित संबंधित विभागों को भोजन एवं जलपान की जिम्मेदारी दी गई है।
ग्रीन रूम में कलाकारों के लिए जलपान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
समारोह के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस विभाग संभालेगा। रामलीला मैदान के मुख्य द्वार और वीआईपी द्वार पर विशेष सुरक्षा बल तैनात रहेगा।
आयोजन स्थल पर अस्थायी बाथरूम, टॉयलेट और नल कनेक्शन की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जाएगी। पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
समारोह स्थल पर मिलेगी चिकित्सा सुविधा
आयोजन के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला चिकित्सालय की ओर से प्राथमिक उपचार पेटी, एंबुलेंस, चिकित्सक, वार्ड बॉय और एएनएम की व्यवस्था प्रतिदिन की जाएगी।
कलाकारों और अतिथियों को किया जाएगा सम्मानित
चक्रधर समारोह में शामिल होने वाले मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह, शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। वहीं कलाकारों को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कलाकारों को सम्मान राशि देने और उसकी अभिस्वीकृति सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी की जाएगी।
टीवी, रेडियो और केबल पर होगा प्रचार-प्रसार
समारोह की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क विभाग को प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है। स्थानीय केबल चैनलों पर कार्यक्रमों का प्रसारण कराया जाएगा।
आकाशवाणी रायगढ़ के माध्यम से प्रतिदिन कार्यक्रम की जानकारी और विशेष समाचार प्रसारित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी भी कराई जाएगी। दूरदर्शन पर प्रसारण के लिए भी संबंधित स्तर पर समन्वय किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, चौक-चौराहों और प्रमुख स्थानों पर समारोह के बैनर लगाए जाएंगे।
निमंत्रण पत्र से लेकर मंच संचालन तक जिम्मेदारी तय
जिला प्रशासन द्वारा निमंत्रण पत्रों की डिजाइनिंग, प्रिंटिंग और वितरण की व्यवस्था की जाएगी। जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, अधिकारियों, स्थानीय कलाकारों और पत्रकारों सहित विभिन्न अतिथियों को निमंत्रण भेजा जाएगा।
समारोह के मंच संचालन की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को दी गई है। मुख्य अतिथियों के स्वागत और समापन समारोह के लिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी तैयार किया जाएगा।
अतिथियों और कलाकारों के लिए वाहनों की व्यवस्था
समारोह में आने वाले अतिथियों और कलाकारों के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा वाहन व्यवस्था की जाएगी। रेलवे स्टेशन या अन्य स्थानों से कलाकारों और अतिथियों को आयोजन स्थल तक पहुंचाने और कार्यक्रम के बाद वापसी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
चक्रधर समारोह पर तैयार होगी कॉफी टेबल बुक
समारोह की यादों और प्रमुख गतिविधियों को संजोने के लिए कॉफी टेबल बुक भी तैयार कराई जाएगी। इसमें समारोह के प्रमुख कार्यक्रमों, कलाकारों और आयोजन की महत्वपूर्ण झलकियों को शामिल किया जाएगा।
वहीं समारोह के आय-व्यय का लेखा-जोखा तैयार करने की जिम्मेदारी चक्रधर समारोह प्रकोष्ठ एवं संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
14 से 23 सितंबर तक रायगढ़ का रामलीला मैदान कला, संगीत और संस्कृति के रंग में रंगा नजर आएगा।
