बोईरदादर स्टेडियम से निकली दौड़ में युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, नशामुक्ति और फिटनेस का दिया संदेश

रायगढ़, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। बोईरदादर स्टेडियम से सुबह 8 बजे सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के. एवं एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
देशभक्ति के नारों और उत्साह के बीच बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, नागरिकों तथा अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दौड़ में हिस्सा लिया। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों में राष्ट्र के प्रति उत्साह और एकता की भावना देखने को मिली।
बोईरदादर स्टेडियम से शुरू होकर वापस स्टेडियम पहुंची दौड़
स्वतंत्रता दौड़ बोईरदादर स्टेडियम से शुरू होकर चक्रधर चौक एवं सिग्नल चौक होते हुए वापस स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिखाई दिया।

दौड़ में पुलिस एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों के साथ एनसीसी कैडेट्स और माय भारत के प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने अनुशासन के साथ दौड़ पूरी कर स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
स्वस्थ नागरिक ही मजबूत भारत का निर्माण कर सकते हैं: सहायक कलेक्टर
सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के. ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ केवल देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाला आयोजन नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता भी पैदा करती है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत और प्रगतिशील भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, जबकि नियमित दौड़, व्यायाम और खेल स्वस्थ जीवन के लिए बेहद लाभदायक हैं।
उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
देशभक्ति, अनुशासन और युवा शक्ति का प्रतीक है स्वतंत्रता दौड़
एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, स्वास्थ्य और युवा शक्ति का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पित होकर सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत नींव
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने युवाओं से खेल, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
अधिकारियों और युवाओं ने बढ़ाया आयोजन का उत्साह
कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती प्रतिमा सागर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संजय पटेल, शिक्षक श्री विकास रंजन सिन्हा, श्री आलोक स्वर्णकार, श्री पवन अग्रवाल, रोजगार अधिकारी श्री रामजीत राम, सृष्टि अकैडमी के प्रशिक्षक श्री विजय कुमार सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा स्टेडियम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
