महासमुंद के बरौंडा चौक पर स्कूल से लौट रही एक छात्रा कंटेनर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और लोगों ने सूझबूझ से उसकी जान बचाई। इस घटना के बाद पालकों और नागरिकों ने स्कूली समय में शहर के भीतर भारी वाहनों की नो-एंट्री सख्ती से लागू करने की जोरदार मांग की है।
छात्रा तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई।

- स्कूल छुट्टी के वक्त सड़क पार कर रही थी छात्रा।
- आरक्षकों और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बची जान।
- स्कूल समय में हो भारी वाहनों की नो-एंट्री: महासमुंद में आक्रोश।
शहर में मंगलवार को शाम बरौंडा चौक में स्कूल की छुट्टी के बाद एक छात्रा घर लौट रही थी। शाम करीब 5:02 बजे सड़क पार करते समय वह एक कंटेनर की चपेट में आ गई, जिसमें छात्रा को सामान्य चोटें आई है। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की सांसें थम गईं।
मौके पर ड्यूटी पर तैनात आरक्षक फलेश वर्मा और विजय साहू ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थानीय लोगों की मदद से कंटेनर के नीचे फंसी छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत मिलने से छात्रा की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
