रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना तमनार पुलिस ने ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस तथा नकदी बरामद की है। गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
🔴 Highlight Points
- ▶️ तमनार पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़।
- ▶️ ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार।
- ▶️ बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल और चोरी के औजार जब्त।
- ▶️ चोरी का डीजल 4 हजार रुपये में बेचने का खुलासा।
- ▶️ चोरी का डीजल खरीदने वाला आरोपी भी गिरफ्तार।
- ▶️ गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी।
- ▶️ गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को तमनार निवासी गोपेश जायसवाल ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका ट्रेलर क्रमांक CG 13 AV 7911 जेपीएल प्लांट के गेट नंबर-2, सलिहाभांठा के पास खड़ा था। रात में ट्रेलर में लगभग 100 लीटर डीजल मौजूद था, लेकिन सुबह देखने पर डीजल टैंक का ढक्कन टूटा मिला और पूरा डीजल चोरी हो चुका था।
रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 197/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिली कि ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान के पास चोरी का डीजल रखा हुआ है। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता, कमलेश कुमार उरांव एवं कमल सिदार के साथ मिलकर ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी का डीजल ग्राम मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को 4,000 रुपये में बेच दिया था।
बोलेरो, डीजल और चोरी के औजार जब्त
आरोपी किशोर कुमार चौहान की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG 13 BM 1854, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल और पेचकस जब्त किया।
इसके बाद कमलेश कुमार उरांव को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बिक्री की रकम में से बचे 500 रुपये पुलिस को सौंपे, जिसे जब्त कर लिया गया।
चोरी का डीजल खरीदने वाला भी गिरफ्तार
जांच के दौरान चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर 4,000 रुपये में चोरी का डीजल खरीदा था। इसके आधार पर उसके खिलाफ भी धारा 317(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य आरोपी फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता एवं कमल सिदार की तलाश जारी है।
देर रात देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य देर रात बोलेरो वाहन में लोहे का सब्बल, प्लास्टिक ड्रम, पाइप और अन्य औजार लेकर निकलते थे। सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों और ट्रेलरों के डीजल टैंक का ढक्कन तोड़कर डीजल चोरी कर लेते थे। यदि चालक मौके पर मौजूद रहता तो उसे धमकाकर वहां से भगा देते थे।
गिरफ्तार आरोपी किशोर कुमार चौहान (37 वर्ष), कमलेश कुमार उरांव (23 वर्ष) एवं दुर्गाचरण पटेल (42 वर्ष) को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव, एएसआई गौतम सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक विपिन पटेल, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, रंजीत भगत एवं पुरुषोत्तम सिदार की सराहनीय भूमिका रही।
