स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूर्य विहार और कृष्ण वाटिका में निगम प्रशासन की पहल
रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, संवैधानिक मूल्यों तथा स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हितग्राहियों के बच्चों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सूर्य विहार कॉलोनी और कृष्ण वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के लिए स्वतंत्रता दिवस विषयक प्रश्नोत्तरी और रंगोली प्रतियोगिता कराई गई। इस दौरान बच्चों को भारत की स्वतंत्रता की गौरवशाली यात्रा, स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख आंदोलनों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के योगदान के साथ-साथ भारतीय संविधान, नागरिकों के अधिकार और कर्तव्यों की जानकारी दी गई।
बच्चों को बताया गया कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता, लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
आयुक्त क्षत्रिय ने कहा- बच्चों को इतिहास और संविधान से जोड़ना जरूरी
निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और संविधान की मूल भावना से परिचित कराने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की जानकारी होगी तो उनके भीतर राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होगी।

आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि इन परिवारों के बच्चों को बेहतर अवसर देकर उन्हें समाज और राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ना भी महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलता है और उनमें देशभक्ति, रचनात्मकता एवं नागरिक चेतना का विकास होता है।
रंगोली में दिखा तिरंगे और राष्ट्रप्रेम का रंग
रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने तिरंगा, भारत माता, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति, संविधान और वीर शहीदों से जुड़े विषयों को अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से प्रस्तुत किया। आकर्षक रंगोलियों से दोनों स्थान देशभक्ति के रंगों से सजे नजर आए।

वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बच्चों से स्वतंत्रता दिवस, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन, वीर शहीदों, राष्ट्रीय प्रतीकों और संविधान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी जानकारी और देश के इतिहास के प्रति रुचि का परिचय दिया।
ये रहे प्रतियोगिता के विजेता
सूर्य विहार कॉलोनी
रंगोली प्रतियोगिता
- प्रथम — बेबो सारथी
- द्वितीय — युवराज सारथी
- तृतीय — खुशबू सारथी
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
- प्रथम — युवराज सारथी
- द्वितीय — बेबो सारथी
- तृतीय — ईश्वरी सारथी
कृष्ण वाटिका
रंगोली प्रतियोगिता
- प्रथम — आरव श्रीवास
- द्वितीय — सरस्वती जायसवाल
- तृतीय — अनन्या रत्नाकर
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
- प्रथम — अलीना रत्नाकर
- द्वितीय — मानवी पांडे
- तृतीय — यनीश जसवाल
विजेताओं को दिए गए पुरस्कार
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को क्रमशः दीवार घड़ी, कप सेट और स्टेशनरी सामग्री पुरस्कार के रूप में प्रदान की गई। प्रतियोगिता में शामिल अन्य बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए सांत्वना पुरस्कार के रूप में पेन दिए गए।
राष्ट्र निर्माण में योगदान का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव, संविधान के सम्मान और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
बच्चों ने देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया। निगम की इस पहल के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही परिवारों के बच्चों को आवासीय योजना के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
