कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव के दौरान महिला से छेड़खानी का आरोप, शिकायत के बाद पुलिस ने धरमजयगढ़ क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा

रायगढ़, 9 सितंबर 2026। महिलाओं की सुरक्षा और उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत कापू पुलिस ने महिला से छेड़खानी के मामले में तत्काल कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी कृष्णमोहन यादव (34 वर्ष), पिता युधिष्ठिर यादव, निवासी पुटुकछार, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव के दौरान छेड़खानी का आरोप
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय पीड़िता ने 8 सितंबर 2026 को थाना कापू पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि 5 सितंबर को ग्राम डुमरनारा में कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन चल रहा था।
इसी दौरान कृष्णमोहन यादव ने महिला को अकेला पाकर उसका हाथ और बांह पकड़कर खींचतान की और उसके साथ छेड़खानी की।
घटना के बाद सामाजिक रूप से बेइज्जती महसूस होने के कारण महिला ने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। बाद में परिवार के सदस्यों से चर्चा करने के बाद उसने थाना कापू पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
महिला की शिकायत पर थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध किया। पीड़िता का महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से कथन दर्ज कराया गया और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को देते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया।
रिश्तेदार के घर छिपा मिला आरोपी
आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने धरमजयगढ़ क्षेत्र में पतासाजी शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ग्राम सुपकालो में अपने रिश्तेदार के घर में मौजूद है।
पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान आरोपी पुलिस से बचने के लिए लुक-छिप रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने कृष्णमोहन यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अभियान संवेदना के तहत महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
रायगढ़ पुलिस के अनुसार, “अभियान संवेदना” के तहत महिलाओं से जुड़े अपराधों में शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी एवं हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.5 टन अवैध स्क्रैप से लदा माजदा जब्त
