सेवा संकल्प अभियान 2026
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जनभागीदारी बढ़ाने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर वित्त मंत्री एवं संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की प्रशासनिक बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अभियान की तैयारियों, कार्ययोजना, विभागीय दायित्वों और प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की।
जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अधिकारियों को अभियान की सभी गतिविधियों का बेहतर विभागीय समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान के कार्यक्रम ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी के साथ आयोजित किए जाएं। जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संगठन, शैक्षणिक संस्थाएं, स्व-सहायता समूह, युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा केवल वर्षों का आंकड़ा नहीं, बल्कि जनसेवा, नेतृत्व और भारत की क्षमता में विश्वास की यात्रा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए इस यात्रा के प्रति जन-आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन से जोड़ने की पहल की जाएगी।
प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा। मैदानी टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को इस अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ में दिखेगी नई पीढ़ी की सोच
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इसके अंतर्गत विकसित भारत की संकल्पना और 25 वर्षों की सेवा यात्रा पर आधारित ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
‘नमो सेवा गाथा’ से गांव-गांव पहुंचेगी बदलाव की कहानी
‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। वहीं 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थानों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है।
इन प्रस्तुतियों के माध्यम से 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे हुए सकारात्मक बदलाव की कहानियों को सरल और प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।
‘आंगन का उत्सव’ में माताओं से संवाद और कार्यकर्ताओं का सम्मान
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपने जीवन में आए बदलाव की कहानियां भी साझा करेंगी।
‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी हितग्राहियों की सफलता की कहानियां
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी।
इन कहानियों में हितग्राही का नाम, स्थान, जिला, संबंधित योजना और योजना से जीवन में आए बदलाव की जानकारी दर्ज की जाएगी। इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ से मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प
25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने के लिए गांव, जिला और राज्य स्तर पर जनभागीदारी यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
इसके लिए ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई है।
‘सेवा मेरा योगदान’ में नागरिक करेंगे सेवा कार्य
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
इसमें नदी-घाट स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा कार्य शामिल किए जाएंगे। जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
‘सरकार आपके द्वार’ के जरिए पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी।
शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कई अन्य गतिविधियां भी होंगी आयोजित
अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।
‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
