ऑपरेशन प्रहार” के तहत रात्रि गश्त के दौरान कार्रवाई, स्क्रैप और वाहन समेत 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

रायगढ़, 8 सितंबर 2026। जिले में अवैध कबाड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान अवैध रूप से स्क्रैप परिवहन कर रहे एक माजदा वाहन को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन से करीब 4.5 टन लोहा-टीन स्क्रैप बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है, जबकि परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे माजदा वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
रेलवे ओवरब्रिज के पास संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम बाईपास रोड स्थित घरघोड़ा रेलवे ओवरब्रिज के पास रात्रि गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान टाटा 1109 माजदा क्रमांक CG-04-QK-3542 को पुलिस ने जांच के लिए रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही वाहन चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
दस्तावेज मांगने पर टालमटोल करता रहा चालक
वाहन की जांच करने पर उसके डाले में बड़ी मात्रा में लोहा-टीन का स्क्रैप लदा हुआ मिला। पुलिस ने चालक से वाहन और स्क्रैप से संबंधित दस्तावेज मांगे।
पूछताछ में चालक पुरुषोत्तम एक्का, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07, इंदिरानगर रायगढ़ दस्तावेज प्रस्तुत करने में टालमटोल करता रहा। वाहन को थाना लाकर भी उसे वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन वह स्क्रैप और वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पुलिस के सामने पेश नहीं कर सका।
अवैध परिवहन की जानकारी मिलने पर जब्त किया स्क्रैप
पुलिस ने संदेही चालक से पूछताछ के साथ मुखबिर तंत्र के माध्यम से भी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान स्क्रैप को अवैध रूप से परिवहन कर बिक्री के उद्देश्य से ले जाने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन में लदा करीब 4.5 टन लोहा-टीन स्क्रैप जब्त कर लिया।
इसके साथ ही स्क्रैप परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे माजदा वाहन को भी पुलिस ने जब्त किया। जब्त सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 15.50 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई
मामले में आरोपी चालक पुरुषोत्तम एक्का के विरुद्ध थाना घरघोड़ा में धारा 35(क-ङ) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेजराज पटेल सहित हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
41वें चक्रधर समारोह में सजेगी कला की भव्य महफिल, 10 दिनों तक गूंजेंगे सुर और संस्कृति के रंग
