श्रद्धालुओं की भीड़ और भंडारा स्थलों पर कचरे को देखते हुए सफाई अमला रहा मुस्तैद, निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने खुद मौके पर खड़े होकर कराया सफाई और प्रेशर वॉशिंग का काम

रायगढ़। जन्माष्टमी महोत्सव एवं मेला के दौरान शहर में आयोजित विभिन्न भंडारा कार्यक्रमों को देखते हुए नगर निगम रायगढ़ ने स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या और भंडारा स्थलों पर उत्पन्न होने वाले कचरे को ध्यान में रखते हुए निगम की सफाई टीमों को 24×7 तैनात रखा गया।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने शहर के विभिन्न भंडारा स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यकतानुसार स्वयं खड़े होकर सफाई कार्य करवाया।
भंडारा खत्म होते ही शुरू हुई सफाई
भंडारा शुरू होने से लेकर समाप्त होने के बाद तक नगर निगम का सफाई अमला लगातार सक्रिय रहा। भंडारा स्थलों से कचरा, जूठन और खाद्य सामग्री के अवशेषों को तत्काल हटाया गया, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रारंभिक सफाई के बाद सुबह के समय निगम आयुक्त स्वयं मौके पर पहुंचे और सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को भंडारा स्थलों के साथ आसपास की सड़कों को भी पूरी तरह साफ रखने के निर्देश दिए।
मशीनों से हुई सड़कों और भंडारा स्थलों की धुलाई
सफाई के बाद नगर निगम की टीम ने वैक्यूम टैंक क्लीनिंग और प्रेशर मशीन की मदद से प्रमुख सड़कों और भंडारा स्थलों की धुलाई कराई।
प्रेशर मशीन से पानी की तेज धार के जरिए सड़क और आयोजन स्थल पर मौजूद गंदगी को हटाया गया। आयुक्त ने मौके पर रहकर यह सुनिश्चित किया कि जूठन, खाद्य अवशेष और अन्य कचरा पूरी तरह हटाया जाए और धुलाई के बाद स्थल साफ एवं व्यवस्थित नजर आए।
शहर की स्वच्छता निगम की प्राथमिकता
निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि प्रदेश में रायगढ़ की जन्माष्टमी महोत्सव की अलग पहचान है। इस बड़े धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शहर की स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से भंडारा स्थलों पर 24×7 सफाई अमले की तैनाती की गई थी।
आयुक्त ने कहा कि सफाई व्यवस्था को केवल भंडारा समाप्त होने के बाद कचरा उठाने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि सुबह के समय संबंधित स्थानों की मशीनों से प्रेशर वॉशिंग भी कराई गई। उन्होंने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर सफाई कार्य की निगरानी की, ताकि किसी भी स्थान पर गंदगी न रहे।
इन स्थानों पर कराई गई विशेष सफाई
नगर निगम द्वारा अग्रसेन चौक, श्याम मंदिर, गौरीशंकर मंदिर चौक, सुभाष चौक, नगर निगम परिसर, नगर निगम के सामने, स्टेशन रोड, गोपी टॉकीज रोड, मिनीमाता चौक, कयाघाट चौक, जूटमिल थाना के सामने और चक्रधर नगर चौक सहित अन्य भंडारा स्थलों पर विशेष सफाई एवं पानी से धुलाई कराई गई।
नगर निगम की इस विशेष व्यवस्था के चलते जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान और आयोजन समाप्त होने के बाद भी शहर के प्रमुख मार्गों और भंडारा स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने का प्रयास किया गया।

1 thought on “रायगढ़ में जन्माष्टमी महोत्सव के भंडारा स्थलों पर निगम की 24×7 विशेष सफाई व्यवस्था”