रायगढ़। जिले में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को विभिन्न डेयरी प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित एनालॉग पनीर और एक्सपायरी खोवा जब्त कर नष्ट कराया गया।
🔴 Highlight Points
- ▶️ रायगढ़ में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई।
- ▶️ सतगुरु डेयरी से 7 किलो प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बरामद।
- ▶️ डेयरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित।
- ▶️ सतीश पटेल के प्रतिष्ठान में 8 किलो एक्सपायरी खोवा मिला।
- ▶️ एक्सपायरी खोवा मौके पर ही नष्ट कराया गया।
- ▶️ संबंधित संचालकों को नोटिस जारी।
- ▶️ मिलावटी और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

सतगुरु डेयरी में मिला प्रतिबंधित एनालॉग पनीर
निरीक्षण के दौरान सतगुरु डेयरी में 7 किलो प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बरामद हुआ। पनीर का नमूना जांच के लिए लिया गया, जबकि शेष मात्रा का मौके पर ही नष्टीकरण कराया गया। साथ ही डेयरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर संचालक को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया।
कई डेयरियों का हुआ निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा टीम ने कस्तूरी डेयरी, सुरभि डेयरी, मुन्ना डेयरी तथा कोड़ातराई-पटेलपाली स्थित सतीश और मनोज मशरूम डेयरी का भी निरीक्षण किया।

एक्सपायरी खोवा भी मिला
निरीक्षण के दौरान सतीश पटेल के प्रतिष्ठान में ओडिशा से आया हुआ करीब 8 किलो एक्सपायरी खोवा मिला। टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट कराया और संबंधित संचालक को खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत नोटिस जारी किया।
अभियान रहेगा जारी
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मिलावटी, अमानक एवं प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य तथा नमूना सहायक सुमन अग्रवाल उपस्थित रहे।
